UPSC PYQPrelims 2011

Civil Services Examination · प्रश्न 29

निम्नलिखित लेखांश को पढ़िए और उसके उपरांत दिए गए प्रश्नांश का उत्तर दीजिए। इस प्रश्नांश का आपका उत्तर केवल लेखांश पर ही आधारित होना चाहिए। लेखांश: जब कोई देश विदेशी प्रभुत्व के अधीन होता है, तब वह किसी विलुप्त युग के सपनों में वर्तमान से पलायन ढूँढ़ता है, और अपने बीते महान् कल की कल्पनाओं में सांत्वना पाता है। यह एक मूर्खतापूर्ण और खतरनाक विनोद है, जिसमें हम में से अनेक मग्न रहते हैं। हम भारतीयों का यह आचरण भी उतना ही प्रश्नास्पद है कि हम अब भी यह सोचते हैं कि हम आध्यात्मिक दृष्टि से महान् हैं, जबकि हम अन्य विषयों में विश्व में नीचे आ चुके हैं। आध्यात्मिक या अन्य कोई महानता, स्वतंत्रता और अवसर के अभाव में या भुखमरी और दुःख के रहते हुए संस्थापित नहीं की जा सकती। बहुत से पाश्चात्य लेखकों ने इस धारणा को बढ़ावा दिया है कि भारतीय परलोक-परायण हैं। मैं समझता हूँ कि हर देश में निर्धन और अभागे लोग, कुछ हद तक परलोक-परायण बन जाते हैं, जब तक कि वे क्रांतिकारी ही न बन जाएँ, क्योंकि यह लोक प्रत्यक्षतः उनके लिए नहीं है। पराधीन जनों की भी यही स्थिति होती है। जैसे-जैसे विकसित होकर कोई व्यक्ति परिपक्व होता है, वैसे-वैसे वह बाहरी वस्तुपरक दुनिया में न तो पूर्णतः तल्लीन रहता है न ही उससे संतुष्ट होता है। वह कुछ आंतरिक अर्थ भी ढूँढ़ना चाहता है, कुछ मनोवैज्ञानिक और भौतिक संतोष भी तलाशना चाहता है। यही स्थिति जनों और सभ्यताओं की भी होती है जैसे-जैसे वे परिपक्व और विकसित होकर वयस्क होते हैं। प्रत्येक सभ्यता और प्रत्येक जन बाह्य जीवन और आंतरिक जीवन की इन समानांतर धाराओं को प्रदर्शित करते हैं। जब ये धाराएँ आपस में मिल जाती हैं या एक-दूसरे के सन्निकट रहती हैं, तब संतुलन और स्थिरता बनी रहती है। जब ये भिन्न दिशाओं में चली जाती हैं, संघर्ष उत्पन्न हो जाता है तथा मन और आत्मा को यंत्रणा देने वाली संकटावस्था उत्पन्न हो जाती है। प्रश्न: उपर्युक्त लेखांश की विषय-वस्तु निम्नलिखित में से किस पर केंद्रित है?

  1. उत्पीड़ित लोगों की मनोदशा पर

  2. भुखमरी और दुःख पर

  3. सभ्यता के विकास पर

  4. सामान्य लोगों के तन, मन और आत्मा पर

उत्तर देखें और व्याख्याव्याख्या देखें

उत्तर: (A) उत्पीड़ित लोगों की मनोदशा पर

व्याख्या

दिया गया / अवधारणा: लेखांश के दोनों अनुच्छेदों के मुख्य मनोवैज्ञानिक विषय की पहचान करें। विषय विश्लेषण: अनुच्छेद 1 विदेशी प्रभुत्व या निर्धनता से पीड़ित लोगों के अतीत में पलायन और परलोक-परायणता की मनोदशा का विश्लेषण करता है, तथा अनुच्छेद 2 उनके मन और आत्मा के अंतर्द्वंद्व को समझाता है। विकल्पों की तुलना: भुखमरी (b) और सभ्यता का विकास (c) सहायक बिंदु हैं, जबकि (a) 'उत्पीड़ित लोगों की मनोदशा' संपूर्ण लेखांश के मूल भाव को दर्शाता है। परिणाम: लेखांश की विषय-वस्तु उत्पीड़ित लोगों की मनोदशा पर केंद्रित है। सही उत्तर: (a) उत्पीड़ित लोगों की मनोदशा पर

उत्तर समझाने वाला चित्र