UPSC PYQPrelims 2012

Civil Services Examination · प्रश्न 6

निर्देश: निम्नलिखित परिच्छेद को पढ़िए और उसके उपरांत दिए गए प्रश्नांश का उत्तर दीजिए। इस प्रश्नांश का आपका उत्तर केवल परिच्छेद पर ही आधारित होना चाहिए। परिच्छेद – 2 यदि कीट प्रतिरोधकता विकसित कर लें तो रासायनिक कीटनाशक धारणीय कृषि में अपना महत्त्व गँवा देते हैं। कीटनाशक प्रतिरोधकता का विकास मात्र प्राकृतिक वरण की क्रिया है। जब आनुवंशिकतः वैविध्य जनसंख्या की बहुत बड़ी संख्या नष्ट हो जाती है, तब इसका घटित होना लगभग सुनिश्चित है। एक अथवा कुछ कीट असामान्य रूप से प्रतिरोधी हो सकते हैं (यह संभवतः इसलिए कि उनमें एक ऐसा एन्ज़ाइम होता है जो कीटनाशक को निराविषकारी बना सकता है)। यदि यह कीटनाशक बार-बार प्रयोग किया जाता है, तो कीट की हर उत्तरोत्तर पीढ़ी में प्रतिरोधी कीटों का अनुपात बढ़ता जाता है। कीटों की आन्तर प्रजनन दर ठेठ रूप से बहुत अधिक होती है, अतः एक पीढ़ी के कुछ ही कीट अपनी अगली पीढ़ी में सैकड़ों या हज़ारों कीटों को जन्म दे सकते हैं, और इससे कीटों की आबादी में प्रतिरोधकता बहुत तेज़ी से फैल जाती है। पूर्व समय में इस समस्या की प्रायः अवहेलना होती रही, यद्यपि DDT (डाइक्लोरोडाइफिनाइलट्राइक्लोरोएथेन) प्रतिरोधकता के पहले मामले की सूचना 1946 में ही प्राप्त हो गई थी। ऐसे अकशेरुकी जीवों की संख्या जिनमें प्रतिरोधकता का विकास हुआ है तथा ऐसे कीटनाशकों की संख्या जिनके विरुद्ध प्रतिरोधकता का विकास हुआ है, में घातांकी वृद्धि हुई है। संधिपाद कीटों के प्रत्येक कुल (जिनमें द्विपंखी जैसे कि मच्छर-मक्खियाँ तथा भृंग, शलभ, ततैया, पिस्सू, जूँ और कुटकी सम्मिलित हैं) में और उनके साथ-साथ अपतृण तथा वनस्पति रोगाणुओं में प्रतिरोधकता दर्ज हुई है। कपास के शलभ कीट, एलाबामा पर्ण कृमि का ही उदाहरण लें। विश्व के एक या अधिक क्षेत्रों में उसमें ऐल्ड्रिन, DDT, डील्ड्रिन, ऐन्ड्रिन, लिन्डेन और टॉक्साफीन के प्रति प्रतिरोधकता विकसित हो गई है। यदि रासायनिक कीटनाशक केवल समस्याओं के उत्प्रेरक होते — यदि उनका प्रयोग मूलतः और घोर रूप से अधारणीय होता — तब उनका व्यापक प्रयोग कब का बंद हो चुका होता। ऐसा नहीं हुआ। इसके विपरीत, उनकी उत्पादन दर तेज़ी से बढ़ी है। किसी कृषि-उत्पादक के लिए आज भी लागत-लाभ का अनुपात कीटनाशकों के प्रयोग के पक्ष में ही बना हुआ है। USA में कीटनाशकों से कृषि-उत्पादों को प्रति $1 लागत मिलने वाला अनुमानित लाभ $5 है। इसके अतिरिक्त, बहुत से गरीब देशों में सन्निकट सामूहिक भुखमरी, अथवा जानपदिक रोग, के आसार इतने भयावह हैं कि कीटनाशक प्रयोग करने की सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी लागत की अवहेलना करनी पड़ती है। कीटनाशकों के प्रयोग को साधारणतया 'कितने जीवन बच सके', 'खाद्य उत्पादन की आर्थिक-दक्षता' और 'कुल खाद्य उत्पादन' जैसे यथार्थ मापों के आधार पर न्यायसंगत ठहराया जाता है। इन बिल्कुल मूलभूत अर्थों में उनके प्रयोग को धारणीय माना जा सकता है। आचरण में, धारणीयता निरंतर ऐसे नए कीटनाशकों को विकसित करने पर निर्भर करती है जो कीटों से कम-से-कम एक कदम आगे रहें — ऐसे कीटनाशक जो अल्प स्थायी हों, जैवनिम्नीकरणीय (बायोडिग्रेडेबल) हों और कीटों पर अधिक सधा हुआ लक्ष्य बाँध सकें। यद्यपि रासायनिक कीटनाशकों के प्रयोग से सम्बद्ध समस्याएँ लंबे समय से जानी जाती रही हैं, तथापि उनका व्यापक प्रयोग समय के साथ कम नहीं हुआ है। क्यों?

  1. रासायनिक कीटनाशकों के कोई विकल्प विद्यमान नहीं हैं।

  2. नए कीटनाशकों का आविष्कार ही नहीं होता।

  3. कीटनाशक जैवनिम्नीकरणीय (बायोडिग्रेडेबल) होते हैं।

  4. उपर्युक्त (a), (b) तथा (c) में से कोई भी कथन सही नहीं है।

उत्तर देखें और व्याख्याव्याख्या देखें

उत्तर: (D) उपर्युक्त (a), (b) तथा (c) में से कोई भी कथन सही नहीं है।

व्याख्या

मुख्य विचार: अनुच्छेद 3 और 4 में देखें कि समस्याओं के बावजूद कीटनाशकों का व्यापक प्रयोग कम क्यों नहीं हुआ है। परिच्छेद के कारण: लागत-लाभ अनुपात उत्पादक के पक्ष में है (USA में प्रति $1 लागत पर $5 लाभ) और ये सामूहिक भुखमरी व महामारी को रोकते हैं। विकल्पों की जाँच: कथन (a) और (b) अतिवादी व गलत हैं, तथा कथन (c) भी गलत है क्योंकि वर्तमान कीटनाशक सामान्यतः बायोडिग्रेडेबल नहीं हैं (यह भविष्य के नए कीटनाशकों की आवश्यकता बताई गई है)। परिणाम: (a), (b) तथा (c) में से कोई भी कथन सही नहीं है। सही उत्तर: (d) उपर्युक्त (a), (b) तथा (c) में से कोई भी कथन सही नहीं है।

उत्तर समझाने वाला चित्र