Civil Services Examination · प्रश्न 8
निर्देश: निम्नलिखित परिच्छेद को पढ़िए और उसके उपरांत दिए गए प्रश्नांश का उत्तर दीजिए। इस प्रश्नांश का आपका उत्तर केवल परिच्छेद पर ही आधारित होना चाहिए। परिच्छेद – 2 यदि कीट प्रतिरोधकता विकसित कर लें तो रासायनिक कीटनाशक धारणीय कृषि में अपना महत्त्व गँवा देते हैं। कीटनाशक प्रतिरोधकता का विकास मात्र प्राकृतिक वरण की क्रिया है। जब आनुवंशिकतः वैविध्य जनसंख्या की बहुत बड़ी संख्या नष्ट हो जाती है, तब इसका घटित होना लगभग सुनिश्चित है। एक अथवा कुछ कीट असामान्य रूप से प्रतिरोधी हो सकते हैं (यह संभवतः इसलिए कि उनमें एक ऐसा एन्ज़ाइम होता है जो कीटनाशक को निराविषकारी बना सकता है)। यदि यह कीटनाशक बार-बार प्रयोग किया जाता है, तो कीट की हर उत्तरोत्तर पीढ़ी में प्रतिरोधी कीटों का अनुपात बढ़ता जाता है। कीटों की आन्तर प्रजनन दर ठेठ रूप से बहुत अधिक होती है, अतः एक पीढ़ी के कुछ ही कीट अपनी अगली पीढ़ी में सैकड़ों या हज़ारों कीटों को जन्म दे सकते हैं, और इससे कीटों की आबादी में प्रतिरोधकता बहुत तेज़ी से फैल जाती है। पूर्व समय में इस समस्या की प्रायः अवहेलना होती रही, यद्यपि DDT (डाइक्लोरोडाइफिनाइलट्राइक्लोरोएथेन) प्रतिरोधकता के पहले मामले की सूचना 1946 में ही प्राप्त हो गई थी। ऐसे अकशेरुकी जीवों की संख्या जिनमें प्रतिरोधकता का विकास हुआ है तथा ऐसे कीटनाशकों की संख्या जिनके विरुद्ध प्रतिरोधकता का विकास हुआ है, में घातांकी वृद्धि हुई है। संधिपाद कीटों के प्रत्येक कुल (जिनमें द्विपंखी जैसे कि मच्छर-मक्खियाँ तथा भृंग, शलभ, ततैया, पिस्सू, जूँ और कुटकी सम्मिलित हैं) में और उनके साथ-साथ अपतृण तथा वनस्पति रोगाणुओं में प्रतिरोधकता दर्ज हुई है। कपास के शलभ कीट, एलाबामा पर्ण कृमि का ही उदाहरण लें। विश्व के एक या अधिक क्षेत्रों में उसमें ऐल्ड्रिन, DDT, डील्ड्रिन, ऐन्ड्रिन, लिन्डेन और टॉक्साफीन के प्रति प्रतिरोधकता विकसित हो गई है। यदि रासायनिक कीटनाशक केवल समस्याओं के उत्प्रेरक होते — यदि उनका प्रयोग मूलतः और घोर रूप से अधारणीय होता — तब उनका व्यापक प्रयोग कब का बंद हो चुका होता। ऐसा नहीं हुआ। इसके विपरीत, उनकी उत्पादन दर तेज़ी से बढ़ी है। किसी कृषि-उत्पादक के लिए आज भी लागत-लाभ का अनुपात कीटनाशकों के प्रयोग के पक्ष में ही बना हुआ है। USA में कीटनाशकों से कृषि-उत्पादों को प्रति $1 लागत मिलने वाला अनुमानित लाभ $5 है। इसके अतिरिक्त, बहुत से गरीब देशों में सन्निकट सामूहिक भुखमरी, अथवा जानपदिक रोग, के आसार इतने भयावह हैं कि कीटनाशक प्रयोग करने की सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी लागत की अवहेलना करनी पड़ती है। कीटनाशकों के प्रयोग को साधारणतया 'कितने जीवन बच सके', 'खाद्य उत्पादन की आर्थिक-दक्षता' और 'कुल खाद्य उत्पादन' जैसे यथार्थ मापों के आधार पर न्यायसंगत ठहराया जाता है। इन बिल्कुल मूलभूत अर्थों में उनके प्रयोग को धारणीय माना जा सकता है। आचरण में, धारणीयता निरंतर ऐसे नए कीटनाशकों को विकसित करने पर निर्भर करती है जो कीटों से कम-से-कम एक कदम आगे रहें — ऐसे कीटनाशक जो अल्प स्थायी हों, जैवनिम्नीकरणीय (बायोडिग्रेडेबल) हों और कीटों पर अधिक सधा हुआ लक्ष्य बाँध सकें। रासायनिक कीटनाशकों के प्रयोग को सामान्यतः गरीब और विकासशील देशों का उदाहरण देकर न्यायसंगत क्यों ठहराया जाता है? 1. विकसित देश जैव-कृषि का अनुकूलन कर कीटनाशकों के प्रयोग से मुक्त होने का सामर्थ्य रखते हैं, किंतु गरीब और विकासशील देशों के लिए रासायनिक कीटनाशक का प्रयोग अनिवार्य है। 2. गरीब और विकासशील देशों में, कीटनाशकों के प्रयोग से फसलों के जानपदिक रोगों की समस्या का समाधान हो जाता है और खाद्य समस्या कुछ हद तक दूर की जा सकती है। 3. गरीब और विकासशील देशों में प्रायः कीटनाशक प्रयोग करने की सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी लागत की अवहेलना कर दी जाती है। उपर्युक्त में से कौन-सा/से कथन सही है/हैं?
उत्तर देखें और व्याख्याव्याख्या देखें
उत्तर: (C) केवल 2
मुख्य विचार: अनुच्छेद 4 के अनुसार गरीब देशों का उदाहरण देकर कीटनाशकों के प्रयोग को न्यायसंगत क्यों ठहराया जाता है, यह पहचानें। कथन 1 की जाँच: परिच्छेद में विकसित देशों द्वारा जैव-कृषि अपनाने का कोई उल्लेख नहीं है; बल्कि USA में कीटनाशकों के लाभ ($1 पर $5) का उदाहरण दिया गया है ⇒ कथन 1 गलत है। कथन 2 व 3 की जाँच: कीटनाशक सामूहिक भुखमरी और जानपदिक रोगों की समस्या दूर करते हैं ('बचे जीवन', 'कुल खाद्य उत्पादन') ⇒ कथन 2 ही वास्तविक औचित्य है, जबकि कथन 3 एक विवशता है, न्यायसंगत ठहराने का आधार नहीं। परिणाम: केवल कथन 2 सही है। सही उत्तर: (c) केवल 2
